ललितपुर। थाना जाखलौन के अंतर्गत ग्राम पटोराखुर्द में 80 वर्षीय वृद्ध ने खेत में आम के पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। जाखलौन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना जाखलौन के अंतर्गत ग्राम पटोराखुर्द निवासी पलटू (80) पुत्र हरदास सहरिया को श्वांस व शुगर की बीमारी थी। इस कारण वह परेशान रहता था। तीन-चार दिन पहले भी उसने बीमारी से परेशान होकर फांसी लगाने का प्रयास किया था, लेकिन ग्रामीणों व परिजनों ने उसे समझा-बुझाकर फांसी लगाने से रोक लिया था। लेकिन, बीते रोज उसने गांव से बाहर स्थित अपने खेत पर आम के पेड़ से धोती से फांसी लगाकर जान दे दी। जब वह काफी देर तक दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने खोजबीन की। बुधवार की सुबह उसका शव खेत में आम के पेड़ पर धोती से लटकता मिला। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक का एक पुत्र है। एसआई अवधेश सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार वृद्ध श्वांस व शुगर की बीमारी से परेशान चल रहा था, इसी के चलते उसने फांसी लगाई है।