मड़ावरा। ससुराल से पत्नी को लाने गए युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मध्यप्रदेश के सागर जिले के थाना गूगरा के ग्राम जगतर निवासी हरभजन लोधी पुत्र जनकसिंह अपनी ससुराल पिपरट आया था। बुधवार दोपहर बस के इंतजार में सड़क किनारे खड़ा था। तभी मड़ावरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसे हाथ और सिर में गंभीर चोट आईं। वहीं तेज रफ्तार ट्रक असंतुलित होकर सड़क की दूसरी ओर स्थित बिजली के खंभों से टकरा गया, इससे ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। घायल युवक के परिजनों ने थाना मदनपुर को घटना जानकारी दी, पुलिस ने ट्रक व चालक को पकड़ लिया। पुलिस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।