संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बीते एक फरवरी की रात्रि लगभग नौ बजे जिला महिला अस्पताल में एक गर्भवती की हालत गंभीर हो गई थी। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर एंबुलेंस को सूचना दी थी, लेकिन कॉल करने के 40 मिनट बाद भी न तो 108 और न ही 102 एंबुलेंस आई। हालत बिगड़ते देख परिजन रात्रि में निजी एंबुलेंस लेकर जाने को मजबूर हुए। मामले का संज्ञान लेते हुए सीएमओ ने जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं।
ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम बंदपुरा निवासी नेहा को रक्तस्राव हो रहा था। एक फरवरी की रात्रि लगभग नौ बजे वह पति शिखर सिंह के साथ जिला महिला अस्पताल आई थी, यहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया था। तीमारदार ने एंबुलेंस के लिए फोन किया। महिला दर्द से चीखती रही, लेकिन लगभग 40 मिनट बाद तक एंबुलेंस नहीं आई। मरीज तड़प कर बेहोशी की हालत में पहुंच गई। फिर परिजन किसी तरह उसे निजी एंबुलेंस से झांसी ले गए। इस मामले को अमर उजाला ने तीन फरवरी के अंक में पेज नंबर दो पर ''समय पर नहीं आती एंबुलेंस... मरीज परेशान शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अब मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जांच बैठाने के निर्देश दिए हैं।
-
एक मरीज को ले जाने के लिए समय पर एंबुलेंस न मिलने की जानकारी हुई है, इसकी जांच कराई जाएगी।
- डॉ. इम्तियाज अहमद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी