विद्युत लाइन बनने के बाद भी पठागोरी में शुरु नहीं हुई बिजली
पूर्व नपाध्यक्ष ने भेजा ऊर्जा मंत्री को ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। सरकार की गांवों तक बिजली पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना के तहत ग्राम पठागोरी में विद्युत खंभे व लाइन बिछाने के बाद भी विद्युत आपूर्ति शुरु नहीं किए जाने से ग्रामीणों को अब भी अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री को ज्ञापन देकर गांव में शीघ्र ही बिजली सुचारु कराए जाने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने अधिशासी अभियंता को एक ज्ञापन दिया है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक कुमार पटैरिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा को संबोधित ज्ञापन में बताया कि ब्लॉक जखौरा की ग्राम पंचायत बम्हौरीकलां अंतर्गत मजरा पठागोरी में आजाद के सत्तर साल बाद ग्रामीणों की मांग पर बिजली विभाग ने यहां विद्युत खंभे और विद्युत तार खिंचवा दिए हैं और छह माह से अधिक का समय बीतने के बाद अब तक भी तार और खंभे मात्र शोपीस बने हुए हैं। उनमें अब तक करंट चालू नहीं किया गया है। पिछले छह माह से लाइन तैयार होने पर ग्रामीण अधिकारियों से बिजली सुचारु करने की बात कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। जबकि किसानों को ट्यूबवेल से बिना बिजली के पंपिंग सेट आदि चलाने में काफी खर्च आता है और यहां छह-सात ट्यूबवेल हैं, जो बिजली के अभाव में पूरी तरह से निष्क्रिय हैं। विद्युत आपूर्ति सुचारु हो जाने से कृषि उत्पादन में बढ़ोत्तरी हो जाएगी और गांव के लोगों को और जनता को काफी पानी भी मिलने लगेगा, जिससे काफी राहत रहेगी। पूर्व नपाध्यक्ष ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर विद्युत लाइन चालू कराए जाने के लिए उचित कार्रवाई करने की मांग की है।