महिलाओं ने डिजाइनिंग के सीखे हुनर
ललितपुर। पंजाब नेशनल बैंक आरसेटी के तत्वावधान में आयोेजित 30 दिवसीय महिला टेलर के प्रशिक्षण में स्वरोजगार के लिए महिलाओं को प्रेरित किया गया।
ब्लॉक बिरधा में प्रशिक्षण के समापन मौके पर मुख्य अतिथि इन्द्रमणी त्रिपाठी ने कहा कि उद्यम अपनाकर हम अपना और अपने परिवार का विकास कर सकते हैं एवं दूसरों को भी रोजगार प्रदान कर सकते हैं। यहां के बेरोजगार युवक-युवतियां प्रशिक्षण लेकर एक सफल उद्यमी बन सकते हैं। उन्होंने समूह संगठन और नारी शक्ति पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि बीडीओ बिरधा सुनील कुमार ने प्रशिक्षित महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया। किसान इंटर कालेज बिरधा के प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा ने प्रशिक्षित महिलाओं को दृढ़ इच्छा शक्ति और कठोर परिश्रम के बल पर आगे बढ़ने को प्रेरित किया। आरसेटी निदेशक रामबाबू ने कहा कि इस प्रशिक्षण का आयोजन ब्लॉक में महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है। उन्होंने इन महिलाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें मार्गदर्शन दिया। साथ ही प्रशिक्षार्थियों को उनके उद्यम स्थापना में सहयोग देने का भरोसा दिया। इस मौके पर वित्तीय साक्षरता परामर्शदाता राकेश शुक्ला, राजीव, शाहीन बेगम व नित्या भी उपस्थित रही। संचालन रुपेंद्र श्रीवास्तव ने किया।