अनियंत्रित होकर हाइवा पलटा, एक गाय की मौत
आवारा जानवरों से यातायात बना बाधक, रोज हो रही दुर्घटनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
महरौनी। शासन ने भले ही यातायात व्यवस्था सुखद बनाने के लिए सरकारी धन खर्च कर भले ही अच्छी गड्ढा मुक्त सड़कों का निर्माण करा दिया है, जिससे सरपट रोडों पर हर रोज वाहन फर्राटा भरते नजर आ रहे हैं। लेकिन इन्हीं रोडों पर घूमने बाले आवारा जानवरों से आये दिन कही बाइक चालक तो कही भारी वाहन और वाहन चालक क्षतिग्रस्त हो रहे है। लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी कोई अंकुश नहीं लग पा रहा है। अन्य हादसों की भांति गुरुवार की सुबह फिर से महरौनी बानपुर राज मार्ग पर स्थित ग्राम पडवां पर एक हाइवा टेंकर जो सीमेंट व पावर प्लांट से निकलने वाली राख को लेकर जाता है वह गाय बचाने के चक्कर मे अचानक ब्रेक लगने से अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार चालक को पैर व सीने में गंभीर चोटे आई। लेकिन स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। साथ ही महरौनी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताते चले कि गुरुवार की सुबह प्रात: चार बजे महरौनी अंतर्गत ग्राम पडवां बस स्टैंड के समीप एक हाइवा ट्रक एम पी 20 एच वी 5747 अनियंत्रित होकर पलट गया है, ट्रक के ड्राइवर को गंभीर चोट आई है, एक पैर टूट गया है, ग्रामीणों ने एंबुलेंस बुलाकर घायल ड्राईवर को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक ट्रक आगे जा रहा था जो अचानक रोड पर बैठी गाय को बचाने के लिए रुका जिसके रुकते ही पीछे चल रहे इस हाइवा ट्रक की स्पीड अचानक नियंत्रित नही हो सकी परिणामस्वरूप हाइवा का ड्राईवर नियंत्रण खो बैठा और हाइवा ट्रक क्लीनर साइड खाई में पलट गया। हादसे की वजह बनी रोड पर बैठी गाय के ऊपर से आगे चल रहा ट्रक निकल गया, जिससे गाय की बेरहमी से मौके पर ही मौत हो गई। बताते चले कि महरौनी बानपुर ग्रामीण सड़क के बनते ही एक साल से लगातार बजाज पॉवर प्लांट के सामग्री ढो रहे है, ट्रकों का बहुत ही ज्यादा ट्रैफिक बना हुआ है, हर वक्त ग्रामीणों को अनहोनी घटना की आशंका बनी रहती है, इन ट्रकों की अनियंत्रित तेज स्पीड को लेकर ग्रामीण आक्रोश भी जता चुके है, लेकिन न तो जिम्मेदार अधिकारी संज्ञान ले रहे है न ही ट्रक ड्राईवर बस्ती के समीप अपने ट्रकों की स्पीड को कम करने को मान रहे है। आज बस्ती के समीप हुए इस हादसे से ग्रामीणों में बहुत ज्यादा आक्रोश है।