शिक्षा मित्रों ने किया प्रदर्शन, रैली निकाली
ललितपुर। बीते रोज सुप्रीम कोर्ट ने समायोजन की प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है, इससे शिक्षामित्रों में रोष है। इस संबंध में बुधवार को संयुक्त शिक्षामित्र एसोसिएशन के तत्वाधान में कंपनी बाग में संयुक्त रुप से धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद कंपनी बाग से घंटाघर, पानी की टंकी व बीएसए कार्यालय होते हुए सदनशाह चौराह व कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को सौंपा। इसमें उन्होंने शिक्षामित्रों के समायोजन के मामले में राहत देने की मांग की है। संगठन ने संयुक्त रुप से फैसला लिया कि बृहस्पतिवार को वह जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे ओर राहत नहीं मिलने तक यह धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। गौरतबल है कि जनपद में कुल 1,700 से अधिक शिक्षामित्र हैं, इनमें से लगभग 1,200 शिक्षामित्रों को पूर्व में समायोजन हो चुका था, जिसको रद कर दिया गया है। इस दौरान मुख्य रुप से भगवत सिंह वैस, मनोहर सिंह बुंदेला, बृजेश टोटें, सुदामा प्रसाद, बृजेंद्र तिवारी, राजेश, मीना, नीतू, जालम, अराधना, किरण, गायत्रभ्, उर्मिला, रजनी, सुखदेवी, श्रीनारायण पांडेय, आरती समेत सैंकड़ों शिक्षामित्र उपस्थित रहे।