ललितपुर। मध्य प्रदेश में हो रही बारिश से बेतवा नदी में बढ़े जलस्तर से राजघाट बांध के दस गेट खोलकर 78 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। बांध के गेट खोलने से पूर्व सिंचाई विभाग के अधिकारियों और पुलिस ने निचले इलाकों और नदी के किनारे वाले गांव के लोगों को अलर्ट कर गेट खोले जाने की सूचना दे दी थी। साथ में उन्हें नदी से दूर रहने और मवेशियों को इस क्षेत्र की ओर न जाने देने की अपील की है। इस वर्ष पहली बार राजघाट बांध के गेट खोले जाने से पूर्व बांध के निचले इलाकों के ग्रामों में अलर्ट जारी किया गया।
बृहस्पतिवार की रात्रि को बांध के तीन गेट खोलकर 13 हजार क्यूसेक पानी की निकासी शुरू की गई। इसके बाद बांध के जलस्तर पर नजर रखी जाने लगी। जब बांध के जलस्तर में कोई कमी नहीं आई और यह बढ़ता रहा तो फिर गेटों के खोलने की संख्या भी बढ़ा दी गई। शुक्रवार देर शाम को राजघाट बांध के दस गेट खोलकर 78 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जानी लगी। एहतियात के तौर पर बांध के आसपास पुलिस तैनात है। पुलिस निचले इलाकों के ग्रामों में भी नजर बनाए हुए है।
मध्य प्रदेश क्षेत्र में बारिश होने से बेतवा नदी में पानी बढ़ गया है। इससे राजघाट बांध के जलस्तर में बढ़ोतरी हो रही है। बांध के दस गेट खोलकर 78 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। बांध का जलस्तर और बढ़ने पर गेट खोले जाने की संख्या को बढ़ाया जा सकता है।
ई. भागीरथ, अधिशासी अभियंता, सिंचाई निर्माण खंड प्रथम