प्रेरकों व समन्वयकों को तीन माह तक दी राहत
ललितपुर। साक्षर भारत मिशन योजना को केंद्र सरकार ने फुटबाल बना दिया है, हर तीन-तीन माह के लिए योजनाओं को आगे धकेला जा रहा है। वहीं प्रेरकों व समन्वयकों की भावना का मजाक बनाया जा रहा है। विगत 31 दिसंबर 2017 में जो साक्षर भारत मिशन योजना समाप्त हो गई थी, उसको अगले तीन माह यानि 31 मार्च 2018 तक के लिए बढ़ा दिया गया है। 15 वर्ष से कम आयु वाले निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित साक्षर भारत मिशन योजना की समय सीमा विगत 31 दिसंबर 2017 को समाप्त हो गई थी। योजना समाप्त होने से नव वर्ष की सुबह होते ही जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों पर संचालित 340 साक्षरता केंद्रों पर पढ़ाने के लिए तैनात 680 प्रेरक और तीन जिला समन्वयक व 06 ब्लॉक समन्यवयक बेरोजगार हो चुके थे। अब केंद्र सरकार ने इन्हें तीन माह की राहत पहुंचाते हुए साक्षर भारत मिशन योजना को 31 मार्च 2018 तक के लिए बढ़ा दिया है। तीन माह गुजरते ही इस योजना पर दोबारा ब्रेक लग जाएगा और प्रेरक व समन्वयक एक बार फिर बेरोजगार होने का गम झेलेंगे। ऐसे पहले भी ऐसा हो चुका है, बीते सितंबर माह के बाद इस योजना की समय सीमा समाप्त हो गई थी। इसके साथ अक्टूबर माह के दो सप्ताह बीतने के बाद 31 दिसंबर 2017 तक के लिए योजना की समय अविधि बढ़ाई गई थी।