झांसी। नगर निकाय चुनाव के लिए जिले में 69 टीमों गठन किया गया है। इन टीमों को आदर्श आचार संहिता का अनुपालन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा बैरियर पर खड़े होकर वाहनों की जांच भी टीमें करेंगी। सभी टीमों को निकायवार क्षेत्र आवंटित कर दिए गए हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में 28 उड़नदस्ते बनाए गए हैं। इनमें से चार उड़नदस्ते नगर निगम क्षेत्र में तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जिले के अन्य 12 नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों में दो-दो उड़नदस्तों की तैनाती की गई है। उड़नदस्ते चुनावी गतिविधियों पर नजर रखेंगे। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होने की स्थिति में कार्रवाई भी करेंगे। इसी प्रकार 28 स्थायी निगरानी टीमें भी बनाई गईं हैं। नगर निगम क्षेत्र में चार व अन्य निकाय क्षेत्रों में दो-दो टीमों की तैनाती की गई है। इन टीमों को सड़क पर बनाए जाने वाले बैरियर पर खड़े होकर आने-जाने वालों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही ये टीमें वाहनों की जांच भी करेंगी। जबकि, सभी 13 निकायाें के लिए एक-एक एमसीसी टीमें भी बनाई गईं हैं। ये टीमें आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगी।
चुनावी खर्च की जांच के लिए छह टीमें बनाई
झांसी। महापौर, नगर पालिका व नगर पंचायत के अध्यक्ष एवं निकाय सदस्य के पद पर चुनाव लड़ने वालों के लिए चुनावी खर्च की अधिकतम सीमा निर्वाचन आयोग की ओर तय की गई है। व्यय का सभी प्रत्याशियों को हिसाब देना होगा। इसके लिए छह व्यय अनुवीक्षण टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें मुख्य कोषाधिकारी, कोषाधिकारी, सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स सोसायटी एवं चिट्स, लेखाधिकारी अपर आयुक्त वित्त, माध्यमिक शिक्षा के वित्त एवं लेखाधिकारी व जिला पंचायत के वित्त अधिकारी की अगुवाई में बनाईं गईं हैं।