गांव में नहीं जल रही स्ट्रीट लाइट
सौंरई। गांव में रात के समय उजाला रहे, इसके लिए लगाई गई सोलर स्ट्रीट लाइट देखरेख और रखरखाव के अभाव में बंद पड़ी है। ग्रामीणों ने जनहित में इसे जलवाने की मांग की है। ग्राम सौंरई के मुख्य बाजार में बड़ा जैन मंदिर तिराहे के पास दो साल पहले सोलर स्ट्रीट लाइट सिस्टम लगाया गया। जो दिन में सूरज की रोशनी से चार्ज होकर रात में मोहल्ले को रोशन करता है। लेकिन, यह सोलर पैनल खराब हो जाने के कारण अब शाम को मुश्किल से एक घंटे ही जल पाता है। इससे शाम के समय मंदिर जाने वालों को दिक्कत हो रही है। मोहल्ले के लोगों को भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से की, जनसुनवाई पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई। ग्रामीणों ने सोलर लाइट का मरम्मत कार्य जल्द कराने की मांग की है।