प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने की मांग
ललितपुर। अतिवृष्टि से नष्ट हुई खरीफ की फसल का बीमा दिलवाए जाने की मांग को लेकर केंद्रीय पेयजल एंव स्वच्छता मंत्री व क्षेत्रीय सांसद उमा भारती को सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की है। विकासखंड बार अंतर्गत ग्राम भागनगर निवासी ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया कि ग्राम के सभी लोग खेती करके अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। इसके अलावा अन्य कोई आय का साधन नहीं है। उन्होंने बताया कि गतवर्ष अतिवृष्टि से उर्द, मूंग, तिल, मक्का, सोयाबीन की फसलें नष्ट हो गई थी। इसमें फसलों को लगभग 70 प्रतिशत का नुकसान हुआ। इसकी सर्वे रिर्पोट ग्राम पंचायत के राजस्व कर्मचारी के द्वारा कराई गई थी। सर्वे रिपोर्ट को शासन को भेजा गया था। जिस पर केवल पीड़ितों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ नहीं दिया गया है। जबकि अन्य आसपास के गांव में फसल बीमा का लाभ दिया गया है। इसके चलते किसान आर्थिक रूप से परेशान हो रहे हैं। उन्होंने ग्राम के किसानों को बीमा राशि दिलवाने की मांग की है। ज्ञापन पर ग्राम प्रधान रेखा देवी, करन सिंह, मुलायम सिंह, कोमल सिंह, प्रताप सिंह, मीराबाई, सोबरन, जशरथ, मुलुआ अहिरवार, बृगभान आदि के हस्ताक्षर बने हैं।