बारिश् के मौसम से बिजली विभाग की एडवाईजरी जारी
बिजली कर्मचारियों व आम जनमानस को सुरक्षा के दिए टिप्स
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। बारिश के मौसम में आए दिन अर्थ फाल्ट और फीडर ट्रिप होने से घटनाओं की संभावनाओं के चलते बिजली विभाग ने विद्युत कर्मचारियों व आम जनमानस के लिए एडवाईजरी जारी की है। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक एसके वर्मा ने सब स्टेशनों पर कार्यरत कर्मचारियों को बारिश के मौसम में विशेष सुरक्षा उपाय अपनाने के लिए एडवाईजरी दी है। उन्होंने उपकेंद्र परिचालकों से अपील की है कि किसी पोषक के अर्थ फाल्ट पर ओसीबी या वीसीबी मशीनें ट्रिप होने पर कुछ देर उपभोक्ताओं के कॉल रिसीव करें, यदि कोई ब्रेकडाउन की सूचना न मिले, तो फीडर की एक ट्राई लें। यदि पुन: फाल्ट फ्लैग पर फीडर ट्रिप हो तो बिना पेट्रोलिंग कराए फीडर चालू न करें। किसी प्रकार के तार टूटने, आग लगने, करंट आने या विद्युत दुर्घटना होने की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित पोषक बंद कर दें। सुरक्षा उपकरणों का यथासंभव उपयोग करते हुए ही विद्युत तंत्र पर कार्य करना सुनिश्चित करें। किसी भी विद्युत तंत्र को बिना अर्थ किए कार्य न करें। उपकेंद्र परिचालक प्रत्येक शटडाउन देते समय पोषक का नाम दो तीन बार बोलकर पोषक सुनिश्चित कर लें। वहीं, उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी प्रकार के टूटे हुए तार को न छुएं, तार टूटने की सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 1912 या संबंधित उपकेंद्र पर दें। बरसात में किसी भी पोल, स्टे सेट या ट्रांसफार्मर की जाली से दूर रहें, उन्हें छूूने की कोशिश बिल्कुल न करें। यदि आसपास के क्षेत्रों में किसी विद्युत तंत्र में आग लगने, करंट आने या कोई अप्रिय घटना घटने पर तत्काल इसकी सूचना टोल फ्री नंबर 1912 पर दें। आंधी, बरसात में विद्युत व्यवधान की संख्या में वृद्धि हो जाती है, जिसे प्राथमिकता पर लाइन स्टाफ द्वारा निरंतर ठीक किया जाता है। ऐसी स्थिति में उपभोक्ता द्वारा लाइन स्टाफ को बार-बार फोन किए जाने से किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में मानव जीवन को सुरक्षा की दृृष्टि से ऐसा करने से बचें। वहीं उन्होंने आम उपभोक्ताओं से घरों में बारिश के दौरान बार-बार स्विच ऑन-ऑफ करने से बचने की सलाह भी दी और लोगों से गीले हाथ या गीले कपड़े हो जाने पर बिजली के उपकरण नहीं चलाने को भी कहा।