जल संस्थान कर्मियों की दीपावली रहेगी फीकी
ललितपुर। जल संस्थान विभाग के स्थायी व अस्थाई कर्मियों को बीते दो माह से वेतन नहीं मिल रहा है। ऐसे में कर्मियों की दीपावली फीकी नजर आ रही है। कर्मचारियों ने झांसी डिवीजन जल संस्थान कर्मचारी यूनियन के नेतृत्व में बुधवार को कार्य बहिष्कार करके अपना विरोध दर्ज कराया है और साथ ही जल्द से जल्द वेतन दिलाने की मांग की है। इस संबंध में संघ ने एक दिन पूर्व मंगलवार को अपने आला अधिकारियों को ज्ञापन देकर दीपावली से पूर्व वेतन दिलाने के मांग की थी। वैसे जल संस्थान विभाग अपने स्टाफ का वेतन क्षेत्र में होने वाली जलकर और जलकल की वसूली से आई धनराशि से करता है। विभागीय अधिकारी व कर्मचारी कर वसूली में कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। यही करण है कि जल संस्थान के स्टाफ की वेतन के लिए हर माह ही समस्या खड़ी होनी लगती है। वहीं, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता रघुवेंद्र कुमार का कहना है कि विभाग के द्वारा नियमित रूप से वसूली की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 80 फीसदी से अधिक वसूली की जा चुकी है और मार्च आते-आते वसूली 100 फीसदी हो जाएगी। विभाग में तैनात स्थाई व अस्थाई कर्मचारियों का एक माह का कुल वेतन लगभग 18 लाख रुपये हैं। मुख्यालय पत्र भेजन वेतन के लिए डिमांड की गई है।