मुख्य बाजार व एक दर्जन मुहल्लों में नहीं पहुंचा पानी
ललितपुर। सोमवार को शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र समेत एक दर्जन मुहल्लों की जलापूर्ति प्रभावित रही। इसके पीछे का कारण कसाई मंडी में स्थित पानी की टंकी का वाल्व टूटना रहा, जिस कारण उक्त मुहल्लों में जलापूर्ति नहीं हो सकी। वहीं, विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को जलापूर्ति सुचारु रूप से की जाएगी। शहर के मुहल्ला कसाई मंडी में स्थित पानी की टंकी से स्थानीय मुहल्लों कसाई मंडी, सरदारपुरा, आजीतापुरा, घुसयाना, झांसीपुरा, इलाईट, महावीरपुरा, रामनगर, बड़ापुरा, सुभाषपुरा आदि मुहल्लों समेत सुभाष मार्केट व कटरा बाजार क्षेत्र में जलापूर्ति की जाती है। सोमवार की सुबह इस पानी की टंकी का वाल्व टूट गया। इससे पानी लीकेज होने के कारण पूरे दिन उक्त मुहल्लों व बाजार क्षेेत्र में जलापूर्ति नहीं हो सकी। इससे स्थानीय लोगों का पानी के लिए काफी परेशानियां उठानी पड़ी। वहीं, जल संस्थान विभाग के अधिकारियों व कर्मियों द्वारा वाल्व की मरम्मत कराई जा रही है। इस संबंध में शहर क्षेत्र के जेई राम भूवन ने बताया कि मरम्मत का कार्य जारी है, संभवता मंगलवार की सुबह प्रभावित क्षेत्र में सुचारु रुप से जलापूर्ति की जा सकेगी। वहीं सोमवार को शहर के वॉटर्र वार्क्स मुहल्ला व नझाई बाजार क्षेत्र में जलापूर्ति नहीं हो सकी। इसके पीछे की वजह विभागीय अधिकारी पंप मशीन का खराब होना बता रहे हैं, जिसको भी सही करवा दिया गया है।