ललितपुर। न्यायालय प्रशासन ने परिवार न्यायालय व आवासीय भवन बनाने के लिए शहर में 40 एकड़ भूमि की मांग की है। जिला प्रशासन जमीन तलाश करने में जुटा हुआ है। इस भूमि पर परिवार न्यायालय व न्यायाधीशों व उनके कर्मचारियों के आवास बनाने की योजना है।
न्यायालय प्रशासन ने परिवार न्यायालय के भवन निर्माण के लिए पांच एकड़ भूमि मांगी थी। प्रशासन ने गल्ला मंडी के पीछे नहर के पास एक भूमि का चयन कर न्यायालय के अधिकारियों को अवलोकन कराई थी। लेकिन न्यायिक अधिकारियों ने इस भूमि को निरस्त कर दिया। अब न्यायालय द्वारा प्रशासन से न्यायालय भवन व आवासीय भवन निर्माण के लिए 40 एकड़ भूमि की मांग रखी है। यह भूमि शहर के आसपास मांगी गई है। सूत्रों की मानें तो रोड़ा में एक रकबा तलाश किया गया है, वहां पर सुलभ सड़क मार्ग नहीं है, इसलिए इस भूमि का चयन नहीं किया जा रहा है। हालांकि रोड़ा में भूमि चयन की प्रशासन पुष्टि नहीं कर रहा है। लेकिन जल्द की भूमि तलाश कर न्यायालय प्रशासन को सुपुर्द करने के लिए प्रशासन सजग दिखाई दे रहा है।
न्यायालय ने भवन निर्माण के लिए 40 एकड़ भूमि मांग की थी। शहर के आसपास भूमि की तलाश की जा रही है। उचित भूमि मिलते ही, उसे उनके सुपुर्द कर दिया जाएगा।
- अमित भारतीय, उपजिलाधिकारी सदर