ललितपुर। चतुर्थ चक्र में ब्लाक जखौरा के एक सौ आठ क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन जमा करने की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन 368 नामांकन पत्र जमा हुए। वहीं, आधा दर्जन सीटों पर एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ। अंतिम चरण में शुक्रवार को जखौरा ब्लाक के क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया आरंभ हुई। पहले ही दिन ब्लाक कार्यालय जखौरा में अनारक्षित की 33 क्षेत्र पंचायत सदस्य सीट के लिए 133, अन्य पिछड़ा वर्ग के 29 वार्डो के लिए 113, अनुसूचित जाति के 22 वार्डों के लिए 49, महिला वर्ग के 15 वार्डो के लिए 41, अनुसूचित जनजाति के नौ वार्डों के लिए 13, अनुसूचित जाति महिला के लिए 29 नामांकन, अनुसूचित जनजाति महिला के तीन वार्डों के लिए 1 नामांकन पत्र भरा गया। वहीं, वार्ड नंबर 4 कारीपहाड़ी, वार्ड नंबर 108 बांसी पंचम, वार्ड नंबर 74 घटवार, वार्ड नंबर 66 दावनी द्वितीय, वार्ड नंबर 51 रानीपुरा द्वितीय, वार्ड नंबर 83 ललितपुर ग्रामीण प्रथम व वार्ड नंबर 76 खड़ेरा क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए एक भी नामांकन पत्र नहीं भरा गया। शनिवार को भी नामांकन पत्र भरे जाएंगे, जिसके बाद चुनाव मैदान में उतरने वालों की संख्या सामने आ पाएगी। निर्वाचन अधिकारी/ भूमि संरक्षण अधिकारी कृषि रवीचंद्र प्रकाश, खंड विकास अधिकारी अजय कुमार व एडीओ पंचायत धन सिंह ने नामांकन की प्रक्रिया में सहयोग किया।