संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यातायात व्यवस्था सहित अपराधियों की निगरानी करने के लिए नौ तिराहों-चौराहों पर 36 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यातायात पुलिस ने इसकी कवायद शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरे को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली सदर परिसर स्थित पुराने अग्निशमन विभाग कार्यालय की इमारत में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है।
किस तिराहे या चौराहे पर जाम लगा है और वहां तैनात यातायात पुलिस कर्मी व होमगार्ड क्या कर रहे हैं, इस पर नजर रखने के लिए शहर के नौ प्रमुख तिराहे-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरों का एक कंट्रोल रूम होगा, यहां से पूरी यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।
-
इन चौराहों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
स्टेशन तिराहा, वर्णी चौराहा, तुवन चौराहा, सावरकर चौक, इलाइट चौराहा, पिसनारी तिराहा, कैलगुवां तिराहा, सदनशाह चौराहा और कलक्ट्रेट चौराहा पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यहां चार-चार सीसीटीवी कैमरे चारों दिशाओं में लगाए जाएंगे।
अपराध नियंत्रण में मिलेगी सहायता
इन सीसीटीवी कैमरों से केवल यातायात व्यवस्था ही नहीं सुधरेगी बल्कि अपराधियों को पकड़ने में भी मदद मिलेगी। अपराधी जैसे ही इधर से गुजरेंगे, उनकी तस्वीर कैमरे में कैद हो जाएगी और उन्हें पकड़ने में पुलिस को मदद मिलेगी।
-
नौ तिराहे और चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कोतवाली परिसर में कंट्रोल रूम तैयार किया जा रहा है। यहां से शहर की यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। इन सीसीटीवी कैमरों से अपराधियों को पकड़ने में भी मदद मिलेगी।
मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक