सिद्धचक्र महामंडल विधान में होगी सिद्ध भगवान की आराधना
एक फरवरी से शुरू होगा आठ दिवसीय महामंडल विधान
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। विकासखंड मड़ावरा के पास आदिनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र गिरारगिरी में एक से आठ फरवरी सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन आचार्य विद्यासागर सागर महाराज के मंगल आशीर्वाद से वणीभूषण ब्र.संजीव भैयाजी कटंगी व उदय चंद्र शास्त्री, देवेंद्र शास्त्री के निर्देशन में सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन शुरू हो रहा है। इसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। कमेटी मीडिया प्रभारी डॉ. सुनील जैन संचय ने बताया कि तीन फरवरी को जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर आदिनाथ भगवान का निर्वाण कल्याणक है, इस मौके पर यहां श्रद्धाभाव के साथ निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा। इस मौके पर आयोजित लाडू सजाओ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसी दिन वार्षिक मेला का आयोजन भी किया जाएगा। यहां निशुल्क नेत्र शिविर एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। आठ दिन तक सिद्धचक्र महामंडल विधान में भक्ति संगीत के साथ अर्घ्य समर्पित होंगे। सिद्धचक्र महामंडल विधान से अनंत सिद्ध भगवंतों की आराधना एक साथ हो जाती है। यह विधान विश्वशांति, देश की प्रगति के लिए किया जा रहा है। दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र गिरार प्रबंधकारिणी समिति, ट्रस्ट कमेटी ने महोत्सव में श्रद्धालुओं की अपार संख्या में आने के चलते तैयारियां की है। इस दौरान अध्यक्ष डॉ. धनप्रसाद जैन, महामंत्री अभिषेक जैन खुटगुवा, मुकेश बरायठा, सेठ विमल कुमार, राकेश खुटगुवा, प्रदीप खुटगुवा, शिखरचंद्र आजाद, रतनचंद गौना, सनत जैन, पंचमलाल जैन, वीरचंद्र नेकोरा, नीरज शास्त्री, उमेश, गुलाब जैन, योगेश जैन बरायठा, प्रीतेश जैन, सुधीर जैन, सुनील रामटौरिया आदि और प्रबंधकारिणी समिति के साथ ही ट्रस्ट कमेटी विराग युवा संघ, विराग महिला मंडल, स्वस्ति महिला मंडल, आदिनाथ सेवा समिति का आदि योगदान दे रहे हैं।