आज होगा अस्थाई सहायक अध्यापकों व प्रवक्ताओं का साक्षात्कार
ललितपुर। जनपद के राजकीय हाईस्कूलों और इंटर कॉलेजों में सहायक अध्यापक और प्रवक्ता पद पर सेवानिवृत्त हो चुके शिक्षकों की अस्थानीय नियुक्ति की जा रही है। बीते 16 जुलाई तक आवेदन प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। आवेदकों का साक्षात्कार 26 जुलाई को सुबह नौ बजे डीआईओएस कार्यालय में आयोजित होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक राम शंकर ने बताया कि जनपद में संचालित राजकीय वित्तीय सहायक प्राप्त हाईस्कूलों व इंटर कॉलेजों में चल रही शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए शासन ने सेवानिवृत्त हो चुके शिक्षकों का अस्थाई नियुक्त करने के निर्देश दिए थे। विगत 30 जून से 16 जुलाई तक दो चरणों में आवेदन प्रक्रिया अपनाई गई है। इसमें प्रवक्ताओं के कुल 57 पदों के सापेक्ष एक आवेदन और सहायक अध्यापकों के कुल 226 पदों के सापेक्ष केवल पांच आवेदन जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में प्राप्त हुई है। सहायक अध्यापक पद के सापेक्ष आए आवेदनों में से चार आवेदनों का निरस्त को निरस्त कर दिया गया है। 26 जुलाई को सुबह 09 बजे से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में आयोजित होने वाले साक्षात्कार में केवल दो आवेदक ही प्रतिभाग करेगें।