13 से चलेगी हबीबगंज-खजुराहो ट्रेन
ललितपुर।
हबीबगंज से खजुराहो एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन 13 जुलाई से शुरू होगा। रेलवे द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। अन्य ट्रेनों के संचालन और पैसेंजर ट्रेन के फेरे बढ़ाने पर भी रेलवे शीघ्र निर्णय ले सकती है। ललितपुर से खजुराहो रूट पर ट्रेन संचालन शुरू होने के बाद लगातार विभिन्न संगठनों द्वारा नई ट्रेनों के चलाए जाने और पैसेंजर ट्रेनों के फेरे बढ़ाने की मांग बढ़ती जा रही है। वर्तमान में इस रूट पर एक मात्र ट्रेन झांसी-खजुराहो पैसेंजर ट्रेन का ही संचालन हो रहा है। खजुराहो रूट पर नई ट्रेनों के संचालन से अन्य राज्यों के कई जनपद जुड़ने से व्यापार, पर्यटन विकसित होने के साथ ही इस रूट पर यात्री सुविधाएं भी बढ़ जाएंगी और लोगों की यात्रा सुगम हो जाएगी। रेलवे द्वारा हबीबगंज से खजुराहो ट्रेन संचालन की पूरी तैयारियां हो गई हैं। रेल मंत्री सुरेश प्रभु वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से 13 जुलाई को दोपहर 03.10 बजे रेल भवन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन प्रतिदिन हबीबगंज से खजुराहो के लिए चलेगी।