अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर-तालबेहट-बार। सोमवार को आंधी और बारिश से तालबेहट तहसील क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ। दर्जनों खंभे टूटने से कई गावों की बिजली गुल हो गई। बार ब्लॉक के कारीटोरन, इमलिया और खजरा गांव में आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि से 15 खंभे टूटने के साथ 25 मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
तालबेहट क्षेत्र में शाम को आई आंधी में जगह-जगह खंभे टूटने से कई गांव अंधेरे में डूब गए। उधर, ब्लॉक बार की ग्राम पंचायत खजरा, कारीटोरन, इमलिया, बरखिरिया आदि में आंधी तूफान एवं ओलावृष्टि से लोगों को काफी परेशानी हुई। ग्रामीणों के मुताबिक 15 खंभे गिर जाने से बिजली की लाइनें ध्वस्त हो गईं। खजरा के प्रधान लाडले व शंकर के मुताबिक 25 मकान उसकी ग्राम पंचायत में क्षतिग्रस्त हो गए। कई पेड़ उखड़ गए तो कुछ मकानों के टिनशेड हवा में उड़ गए। उद्देत कुशवाहा का कच्चा घर धराशायी हो गया। बृजलाल, शिवलाल, बल्लू, उमराव, तिजू कुशवाहा एवं देवकी पाल, उत्तम राजपूत, राम सिंह, सुरेश अहिरवार आदि के मकान में काफी नुकसान हुआ है। प्रधान ने बताया कि लेखपाल को छह बार फोन लगाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
फोटो-54,55
पान के बरेंजे गिरे, करीब ढाई लाख का नुकसान
पाली। रविवार देर शाम आई तेज आंधी से एक पान किसान के बरेंजे जमीन पर गिरकर ध्वस्त हो गए। कस्बा के रामसेवक चौरसिया, पुरुषोत्तम चौरसिया दोनों भाइयों के पान के बरेंजे पूरी तरह नष्ट हो गए। दोनों किसानों ने पाली-जाखलौन मार्ग पर 20 क्यारियों का बरेंजा बनाया था, जिसमें पान की फसल लहलहा रही थी। किसान ने बताया कि आंधी से करीब ढाई लाख के बरेंजो एवं उसमें खड़ी फसल का नुकसान हुआ है। संवाद
-
कई गावों में 30 घंटे बाद भी बिजली सप्लाई नहीं हो सकी शुरू
तालबेहट। तहसील के कुछ गांवों में 30 घंटे बाद भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। तालबेहट बिजलीघर के कई फीडरों की आपूर्ति पूरी तरह ठप है। शहजाद व बिजरौठा फीडर की बिजली करीब 30 घंटे से बंद पड़ी है। इससे लगभग 30 गांव में अंधेरा पसरा है।
हाई वोल्टेज ने उड़ाए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
तालबेहट के सिविल लाइन में 24 घंटे से एक फेस नहीं आ रहा था। इसके बाद भी बिजली विभाग ने ध्यान नहीं दिया। सोमवार को चली हवाओं से एचटी लाइन का एक तार टूटकर एलटी पर गिर गया, इससे कई घरों में हाई वोल्टेज आने से लोगों के उपकरण खराब हो गए।
-66 केवी लाइन का तार टूटकर 33 केवी पर गिरा
ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम भौरसिल में सोमवार को चली तेज हवा से 66 केवी लाइन का एक तार टूटकर 33 केवी पर गिर गया, इससे बांसी बिजलीघर की आपूर्ति ठप हो गई। दर्जनों गांवों की बिजली गुल हो गई।