ललितपुर। शासन के निर्देश पर सोमवार को वैक्सीनेशन महाअभियान चलाया जाएगा। इसमें 29000 लोगों को टीकाकरण करने का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए 129 टीमों द्वारा 129 शिविरों में टीकाकरण किया जाएगा। संभावित तीसरी लहर के चलते शासन द्वारा अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण करने के निर्देश दिए गए है। इसी क्रम में स्वास्थ्य महकमा अलर्ट है। सोमवार को वैक्सीनेशन महाअभियान के तहत शहर से ब्लॉक स्तर पर शिविर वृहद स्तर पर टीकाकरण शिविर लगाए जा रहे हैं। वैक्सीन का लक्ष्य भी करीब छह गुना करते हुए 29000 कर दिया गया है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए 129 टीमों का गठन किया गया है, जो 129 स्थानों पर शिविर लगाकर टीकाकरण करेंगी। प्रत्येक ब्लॉक व शहर में अतिरिक्त शिविर लगाए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी। इस अभियान से शिविरों में लग रही लंबी कतारों से भी राहत मिलेगी और टीकाकरण के लिए लोगों को परेशान नहीं होना होगा।
यह है क्षेत्रवार लक्ष्य
शहर में 10 सत्रों में 2000 लोगों को और प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर में 4500 लोगों को टीकाकरण किए जाने का लक्ष्य दिया गया है।
महा टीकाकरण अभियान में अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण के लिए 192 टीमों का गठन किया गया है, जो 129 शिविर में आने वाले लोगों को टीकाकरण करेंगी।
- डॉ. हुसैन खान, नोडल अधिकारी कोविड टीकाकरण