ललितपुर। जनपद में संचालित अन्य पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना में 1040 आवेदनों के सापेक्ष 229 लाभार्थियों को 20-20 हजार रुपये मिल सके हैं। शेष 811 आवेदनकर्ता अब अनुपूरक बजट की धनराशि जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। इस वित्तीय वर्ष में शादी अनुदान योजना के तहत जनपद को 45.80 लाख रुपये आवंटित हुए थे।
शासन की ओर से अन्य पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना का संचालन जनपद में किया जा रहा है। इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग के अभिभावकों को उनकी पुत्री के विवाह के लिए अनुदान योजना के तहत 20 हजार रुपये दिए जाते हैं। इस वित्तीय वर्ष में 45.80 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की गई थी। इस वर्ष कुल 1040 लोगों ने अनुदान का लाभ पाने के लिए आवेदन किया था। जिसमें से 229 पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया गया। लाभार्थियों के खातों में 20-20 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए। अब शेष बचे करीब 811 आवेदन को अनुपूरक बजट की धनराशि मिलने का इंतजार है। पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजेश बघेल ने बताया कि जल्द ही अन्य आवेदकों को योजना का लाभ दिया जाएगा।