बिना मांग के निकाला जा रहा राजघाट का पानी
ललितपुर। बहुजन समाज पार्टी ने डीएम को ज्ञापन देकर राजघाट बांध के पानी को बिना मांग के निकालने का आरोप लगाते हुए जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। पार्टी जिलाध्यक्ष कैलाश नारायण कुशवाहा के साथ गए प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन देकर बताया कि बांध से पानी की कोई डिमांड नहीं होने के बाद भी कुछ मछली के ठेकेदार पानी निकलवा रहे हैं। बिजली का पॉवर हाउस चलाने 361.40 मीटर पानी होना अनिवार्य है, लेकिन 361.15 मीटर लेबल से कम पर चलाया जा रहा है। कम होने की वजह से मछली का शिकार बढ़ गया है। माताटीला बांध और सुकुवां ढुकुवां बांध में पानी की डिमांड नहीं है, फिर भी पानी क्यों छोड़ा जा रहा है। यह बड़ा सवाल है। उन्होंने पानी पर रोक लगाने की मांग की है। इस मौके पर हरीशंकर, दयाराम, चंद्रशेखर अहिरवार, कपिल कुमार मौजूद रहे।