अनुशासन विकास का मूलमंत्र
ललितपुर। राजकीय इंटर कालेज ललितपुर में माध्यमिक विद्यालयों के स्काउट गाइड छात्र-छात्राओं का त्रिदिवसीय द्वितीय एवं तृतीय सोपान जांच शिविर आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर का शुभारंभ मंगलवार को स्काउट ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्ज्वलन व सरस्वती पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर शिविरार्थी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए जिला स्काउट कमिश्नर डा. ओमप्रकाश शास्त्री ने कहा कि नैतिक व चारित्रिक मूल्यों की स्थापना, व्यक्तित्व का विकास करने के लिए स्काउट गाइड की स्थापना की गई है। इससे जुड़े युवक राष्ट्र निर्माण में अपनी महती भूमिका निभायें। इसी क्रम में जिला गाइड कमिश्नर डा. जनक किशोरी शर्मा ने कहा कि हमारे धर्म ग्रंथों में मानव सेवा को सच्चा धर्म बताया गया है। यही स्काउट गाइड का मूल उद्देश्य भी है। उन्होंने अनुशासन विकास का मूलमंत्र बताया है। राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी राष्ट्र का भविष्य है। विद्यार्थी का चरित्र निर्माण शिक्षक के द्वारा होता है। आचार्य अपने आचरण द्वारा विद्यार्थियों को आदर्श व्यक्ति बनाने का प्रयास करते हैं। इस शिविर के माध्यम से नवयुवकों में बदलाव आने से निश्चित ही भारत की तकदीर बदल जायेगी। इसी क्रम में स्काउट गाइड के जिला सचिव सजन कुमार शर्मा व जिला कोषाध्यक्ष जयशंकर प्रसाद द्विवेदी ने अपने विचारों से विद्यार्थियों का मार्ग दर्शन किया व अनुशासन के महत्व का पाठ पढ़ाया। जिला संगठन कमिश्नर डा. राजीव निरंजन ने बताया कि तीन दिवसीय तृतीय सोपान शिविर में सरस्वती इंटर कालेज मड़ावरा, दीवान रघुनाथ सिंह इंटर कॉलेज, पीएन इंटर कालेज, श्रीवर्णी जैन इंटर कालेज, राजकीय इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज, नगर पालिका बालिका इण्टर कालेज, एसडीएस कान्वेट स्कूल आदि विद्यालयों के लगभग 300 छात्र-छात्रायें भाग ले रहे हैं। शिविर में छात्र-छात्राओं को स्काउट गाइड गतिविधियों का पूर्णरूपेण प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे वह स्काउट गाइड में दक्ष हो सकें। इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व प्रधानाचार्य डीपी वर्मा, विनोद कुमार खरे, बृजनंदन लिटौरिया, तिलक राम, कृष्ण कुमार सिंह, उमाकांत मौर्य, शिल्पी श्रीवास्तव, सोनम शर्मा, मीरा देवी वैद्य, रानी, साधना झा, विनोदनी जार्ज, आशा चौहान, रूपाली दीक्षित, अंजुम खान, मीना चौहान आदि उपस्थित रहे।