पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में सभी को संतुष्ट करने की कोशिश
ललितपुर। स्थानीय धर्मशाला में भारतीय जनता पार्टी के आयोजित पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में सभी को संतुष्ट करने की कोशिश की गई। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय का अंतिम सीढ़ी तक खड़े व्यक्ति तक पहुंचना ध्येय था। पार्टी उसी नीति पर काम कर रही है। जिलाध्यक्ष रमेश कुमार सिंह ने कहा कि पार्टी पिछड़ों की सदैव पक्षधर रही है। निर्वाचित सांसद, विधायकों में सर्वाधिक संख्या पिछड़ों की ही है। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय मंत्री संजीव श्रंगिऋषि ने कहा कि समरसता का ख्याल रखते हुए हिस्सेदारी के हिसाब से सभी को लाभान्वित करने का प्रयास है। इसी कड़ी में पार्टी ने पिछड़ों को महत्वपूर्ण भूमिका दी है। कृषि और पशुपालन क्षेत्र को उद्योग का दर्जा दिलाने का प्रयास हो रहा है। वरिष्ठ नेता जगदीश सिंह लोधी ने केलकर समिति की सिफारिशों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौबे, हरीराम निरंजन, बब्बूराजा बुंदेला, राजकुमार जैन, श्रीकांत कुशवाहा, घनश्याम साहू, प्रदीप साहू, डा. दीपक चौबे, देवेंद्र गुरू, रत्नेश तिवारी, आलोक चौबे, किरन सेन उपस्थित रहे।