मेधावी छात्रों का किया सम्मानित
ललितपुर। जिला मुख्यालय पर संचालित श्रीवर्णी जैन इंटर कॉलेज में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य अजब सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2017 में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र संजय पुत्र जयपाल सिंह को और अंग्रेजी विषय में सर्वाधिक 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्र अजीत कुमार पुत्र कांशीराम अहिरवार को बीएन दुबे स्मृति पुरस्कार के रुप में 500 रुपये व प्रशस्ति पत्र पुरस्कार के रुप में प्रदान किए गए। वहीं, हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले अभिषेक सेन पुत्र महेंद्र कुमार को अंग्रेजी विषय में भी सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के कारण दोहरा पुरस्कार 1000 रुपये व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विद्यालय की गृह वार्षिक परीक्षा में कक्षा 09 व 11वीं के समस्त वर्गों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले कुल 55 छात्रों को डिक्शनरी व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य अजब सिंह ने समस्त बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए, महेशा की तरक्की के रास्ते पर ही बढ़ते रहने की बात कही। वहीं, इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक आरपी वर्मा ने की। इस दौरान मुख्य रूप से एनसीसी कैप्टन ओमकार सिंह समेत समस्त विद्यालय स्टाफ व छात्र उपस्थित रहे।