मलेरिया दिवस आज, होगी जांच
ललितपुर। विश्व मलेरिया दिवस 25 अप्रैल को मनाया जाएगा। इसमें मलेरिया रोग से बचाव के लक्षणों व उपचार को सरल बनाने और मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मलेरिया की जांच की जाएगी। जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि जिले में वर्ष 2018 में 147 मलेरिया के मरीज स्वास्थ्य केंद्रों पर मिले, जिनका उपचार कर ठीक कर दिया गया। मलेरिया की रोकथाम के लिए बुखार के सभी मरीजों की मलेरिया की जांच व उपचार की सुविधा नि:शुल्क है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर बुखार के मरीजों में मलेरिया की जांच करने का अभियान चलाया जाता है। सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित कर मलेरिया की जांच व उपचार करने तथा विद्यालयों में मलेरिया से बचाव के उपायों के बारे में बताया जाएगा। हर रविवार मच्छर पर वार के अंतर्गत प्रत्येक रविवार को अपने घरों के अंदर कूलर और गमलों, पानी के बरतनों को साफ कर सुखा देना चाहिए। मलेरिया दिवस का मुख्य नारा है कि शून्य मलेरिया की शुरूआत हमीं से है, इसका तात्पर्य यह है कि जो व्यक्ति जहां है, मलेरिया की रोकथाम में अपना योगदान दे।