विद्यालयों में शिक्षा व खेल दोनों को बेहतर बनाया जाए
ललितपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद के निजी और सरकारी विद्यालयों का शैक्षिक वातावरण सुधारने के उद्देश्य से डीआईओएस द्वारा नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र कुमार दुबे ने कस्बा बानपुर में संचालित डॉ. राम मनोहर लोहिया कन्या हाईस्कूल का निरीक्षण किया, जहां विद्यालय का स्टाफ उपस्थित मिला और द्वितीय पाली में अर्द्धवार्षिक परीक्षा आयोजित कराई जा रही थी। इसके अलावा विद्यालय भवन व कक्षाओं में रंगाई-पुताई नहीं पाई और विद्यालय का घंटा भी खराब हालत में था। इसी क्रम में उन्होंने महरौनी के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का भी निरीक्षण किया है। इन विद्यालयों में भी यही स्थिति पाई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक ने उक्त समस्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि विद्यालय में बच्चों की सुविधा के लिए खेल के मैदान को उपयोग के लिए तैयार कराएं और नियमित खेल कराए। इसके अलावा विद्यालय में प्रार्थना के दौरान छात्र-छात्राओं से ड्रम, हरमोनियम आदि का प्रयोग करवाया जाए और नियमित पीटी करायी जाए। मार्चपास्ट, प्रतिज्ञा, सुविचार आदि को भी सम्मिलित किया जाए। साथ ही विद्यालय के प्रांगण में पेड़-पौधे रोपित करवाए जाएं।