ललितपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की विभिन्न सीटों के आरक्षण पर आई 162 आपत्तियों के निस्तारण में अफसर जुटे हैं। इस दौरान कुछ ऐसे भी मामले आए हैं, जिनका निस्तारण विभागीय अफसरों के लिए चुनौती बन गया है। पिछले दिनों ग्राम पंचायत के प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य सहित विभिन्न पदों का आरक्षण जारी कर उन पर आपत्तियां मांगी थी। इस दौरान कुल 162 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। अब उनका निस्तारण किया जा रहा है। कुछ मामले जटिल होने के कारण उन्हें विचाराधीन किया है। जिस पर अंतिम निर्णय गठित समिति करेगी। शुक्रवार को तस्वीर साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है। उधर, जिला पंचायत राज अधिकारी डॉ. अवधेश सिंह का कहना है कि दर्ज आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।