यूपी बोर्ड उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू
ललितपुर। राजकीय इंटर कालेज में यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन आरंभ हो गया है। पहले दिन जिला विद्यालय निरीक्षक ने मूल्यांकन की बारीकियां बताई, साथ ही परीक्षकों को एंड्राइड मोबाइल फोन का इस्तेमाल मूल्यांकन के दौरान नहीं करने की सलाह दी। जिला विद्यालय निरीक्षक रामशंकर ने कहा कि मूल्यांकन में पूरी गोपनीयता के साथ सुचिता को बनाए रखना है। प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मूल्यांकन केंद्र पर बुनियादी सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। निर्धारित समयावधि में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण करना है, इसलिए तय समय में लगनता के साथ मूल्यांकन कार्य करें। इस दौरान अस्सी प्रतिशत परीक्षकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। शनिवार से मूल्यांकन को गति मिलने की संभावना है।