वादाखिलाफी से क्षुब्ध होकर धरना देगी जनहित स्वास्थ्य संघर्ष समिति
ललितपुर। जिला अस्पताल में बिगड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने के लिए काम कर रही जन हित स्वास्थ्य संघर्ष समिति ने अब आंदोलन की राह अख्तियार कर ली है। समिति ने 28 फरवरी को आंदोलन करने की घोषणा की है। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार करने का वायदा किया था, लेकिन उसकी प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। आज भी तमाम मरीजों को सुविधाओं के अभाव में रेफर कर दिया जाता है। इससे निर्धन वर्ग के मरीजों को महानगरों में महंगा इलाज कराना मुश्किल हो जाता है। जनहित स्वास्थ्य संघर्ष समिति की बैठक रविवार को आजाद चौक कार्यालय पर हुई। जिसमें मु. आसिफ ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में गंभीर रोगों के इलाज की सुविधा नहीं मिल पा रही है। ह्रदय रोग संबंधी कार्डियोलॉजिस्ट की समस्या बनी हुई है। वर्तमान में जिला अस्पताल रेफर सेंटर मात्र बन कर रह गया है। उन्होंने बताया कि इसको लेकर संघर्ष समिति ने उच्च अधिकारियों से वार्ता की। जिस पर अधिकारियों एक हफ्ते में शुरू कराए जाने का आश्वासन दिया। लेकिन अभी तक सेवाएं मुहैया नहीं कराईं गईं। जबकि जिले में प्रतिदिन हार्ट अटैक से नौ जवानों की मौत हो रही है। उन्होंने कहा कि बीते दिना जिला अस्पताल प्रबंधन ने हार्ट की प्राथमिक सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कहा लेकिन अभी तक शुरू नहीं हो सका है। इसके अलावा सीटी स्कैन व डिजीटल एक्सरे मशीन को अब तक चालू नहीं कराया जा सका है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के द्वारा लगातार वादा खिलाफी की जा रही है। जिससे आम लोगों को बेहतर उपचार की सुविधा नहीं मिल पा रही है। इससे क्षुब्ध होकर समिति सभी दलों के साथ धरना प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेगी। इस दौरान शरीफ, जावेद, आसिफ, सुबोध, अप्सरा, नवनीत किलेदार, अमित प्रिय जैन, नदीम, शबनम मौजूद रहे।