संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में यूपी नीट 2024 के स्टेट कोटा की सीट पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को 16 छात्रों ने एमबीबीएस में प्रवेश लिया। अब तक ऑल इंडिया कोटा समेत अन्य में 17 छात्रों ने प्रवेश लिया है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पांच सितंबर तक जारी रहेगी।
स्टेट कोटा के तहत मेडिकल कॉलेज में प्रथम चक्र के लिए 40 छात्रों को आवंटित किया गया है। इसकी प्रवेश प्रक्रिया एक सितंबर से शुरू हो गई थी। पहले दिन रविवार होने के चलते छात्र प्रवेश लेने नहीं पहुंचे। सोमवार को 16 छात्रों ने प्रक्रिया में शामिल होकर प्रवेश लिया। काउंसलिंग टीम ने छात्रों के दस्तावेजों का सत्यापन किया। इसके बाद स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। काउंसलिंग टीम ने वेबसाइट पर सभी छात्रों को ऑनलाइन प्रवेश दिया। इस तरह से 16 छात्रों को प्रवेश दिया गया है।
काउंसलिंग के नोडल अधिकारी डॉ. वीडी पाण्डेय ने बताया कि प्रथम चक्र की प्रवेश प्रक्रिया चल रही है, जो पांच सितंबर तक जारी रहेगी। प्राचार्य डॉ. डी नाथ ने प्रवेश प्रक्रिया को निर्बाध व सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए चिकित्सा शिक्षकों की टीम को तैनात किया है। उन्होंने प्रवेश लेने वाले सभी नवोदित छात्र-छात्राओं को बधाई व शुभकामनाएं दीं।