युवा पीढ़ी संस्कारों के बिना दिशाविहीन
ललितपुर। श्रुत संवर्द्धन ज्ञान संस्कार शिविर में ब्रह्मचारी जय निशांत ने कहा कि युवा पीढ़ी संस्कारों के बिना दिशाविहीन होती जा रही है। संस्कारों के अवमूल्यन रोकना जरूरी है। शिविरों में सुबह, दोपहर, शाम को कक्षाएं, रात्रि में विशेष व्याख्यान तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इसमें बच्चे बढ़- चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। शिविरों का निरीक्षण करने दिल्ली से संजय जैन, राजीव और अमित जैन आए। उन्होंने मड़ावरा सहित 16 स्थानों पर जाकर शिविर की कक्षाओं का निरीक्षण किया। उनके साथ केंद्रीय शिविर समिति के उप निर्देशक डॉ. सुनील संचय, डॉ. निर्मल जैन, संयोजक मनीष शास्त्री, चेतन बंडा, सुनील सोजना, अक्षय जैन आदि रहे। उधर, शिविरों के समापन की तैयारियों के लिए हुई बैठक में बताया कि ललितपुर समेत चार जिलों में चल रहे ज्ञान संस्कार शिविरों का समापन महरौनी ब्लाक में तीर्थक्षेत्र नवागढ़ में 20 जून को होगा। प्रत्येक शहर के प्रथम और द्वितीय स्थान पाने वाले शिविरार्थियों के साथ शिविर में प्रशिक्षण प्रदान करने वाले विद्वानों को पुरस्कृत, सम्मानित किया जाएगा और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।