आपस में जुड़े दो बच्चों का जन्म, मौत
ललितपुर। थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम धौरीसागर निवासी एक महिला ने आपस में जुड़े हुए दो बच्चों को जन्म दिया, लेकिन जन्म लेते ही जुड़वा बच्चों की मौत हो गई। हालांकि प्रसव सामान्य होने के कारण मां सुरक्षित है। ग्राम धौरीसागर निवासी राधा (25) पत्नी हरिकिशन को प्रसव के लिए पहले स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा ले जाया गया, जहां से मंगलवार की रात को चिकित्सकों ने उसे जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया। महिला को जिला महिला चिकित्सालय में मंगलवार की देर रात करीब 3.10 बजे प्रसव के लिए भर्ती कराया गया और करीब 3.45 बजे उसे बिना किसी ऑपरेशन के डॉ. वीपी इटालिया, स्टॉफ नर्स संगीता व वंदना शर्मा द्वारा सामान्य प्रसव कराया गया। महिला ने आपस में पेट से जुड़े दो बच्चों को जन्म दिया, लेकिन बच्चों की जन्म लेते ही मौत हो गई। बच्चों के जन्म लेने की खुशी कुछ ही देरे में दुख में बदल गई। हालांकि प्रसव सामान्य होने और मां सुरक्षित होने पर चिकित्सकों ने राहत महसूस की और प्रसव पर संतुष्टि जताई।