बांसी में कराए गए कार्यों की होगी जांच
बांसी। ग्राम पंचायत बांसी में वित्तीय गड़बड़ियों एवं गुणवत्ताविहीन कार्यों की जांच के लिए डीएम ने जांच समिति गठित कर 15 दिन में जांच रिपोर्ट मांगी है। भारतीय जनता पार्टी बांसी के सेक्टर अध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने शपथ पत्र पर डीएम से शिकायत की थी, जिसमें ग्राम निधि व मनरेगा से दोहरा भुगतान करने का आरोप लगाया गया था। शिकायत पर दोहरा लाभ पाने वालों से ग्राम निधि का धन वापस जमा कराए जाने की पुष्टि होने के बावजूद दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। शौचालयों के निर्माण की शिकायत के बाद मरम्मत कराए जाने, ग्राम पंचायत का लाखों रुपये का खड़ंजा पत्थर के व्यक्तिगत उपयोग में लाए जाने की शिकायत भी की गई थी। इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने 17 अक्टूबर 2018 को जांच हेतु तारीख तय की थी, लेकिन सात महीने तक कोई जांच नहीं करने से संतोष कुमार शर्मा ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर जांच कर दोषी पर कार्रवाई की मांग की थी। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं अवर अभियंता आरईडी महरौनी को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए 15 दिन जांच आख्या उनके कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।