करंट लगने से महिला की मौत
ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत कस्बा बिरधा में अपने घर में लिपाई-सफाई करते समय एक महिला की पंखे में आ रहा करंट लगने से मौत हो गई। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेज दिया। रविवार की सुबह करीब साढ़े आठ-नौ बजे के दरम्यान कस्बा बिरधा निवासी नेहा (23) पत्नी रामकुमार रजक अपने घर में लिपाई-सफाई कर रही थीं, जबकि घर के अन्य सदस्य अपने कामों से बाहर निकले थे। लिपाई करते समय गर्मी से बचने के लिए कमरे में रखा पंखा चल रहा था। महिला किसी प्रकार पंखा से छू गई और पंखा में करंट आने के कारण झाटका लगा और पंखा उसके ऊपर गिर गया। तमाम प्रयास के बाद भी वह पंखे से अलग नहीं हो सकी और वह अचेत हो गई। कुछ देर बाद परिजन जब घर लौटे तो बहू को इस हालत में देख पड़ोसियों को आवाज लगाई और उसे लेकर जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की शादी लगभग तीन वर्ष पहले हुई थी और उसकी डेढ़ वर्षीय बच्ची है। ग्राम बिरारी निवासी मृतका के मामा कैलाश रजक ने बताया कि पंखे में करंट आ रहा था और पंखा छूने की वजह से उसकी मौत हुई है।