छह महीने से नहीं मिला वेतन
ललितपुर। जिला अस्पताल में सेवा प्रदाता कंपनी द्वारा नियुक्त 27 स्टाफ नर्सों को छह माह से वेतन का भुुगतान नहीं किया गया है। इसको लेकर स्टाफ नर्सों ने श्रम और सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ को ज्ञापन सौंपकर वेतन का भुगतान कराए जाने की मांग की है। स्टाफ नर्सों ने राज्यमंत्री को दिए ज्ञापन में बताया कि अक्टूबर से अब तक का मानदेय लंबित पड़ा है। जबकि, सभी कर्मचारी अस्पताल में लगातार सेवाएं दे रहे हैं। वेतन का भुगतान नहीं होने से कर्मचारी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। बच्चों को विद्यालयों में प्रवेेश की शुल्क नहीं भर पा रहे हैं। इससे बच्चों को विद्यालयों में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। परिवार का भरण पोषण नहीं कर पा रहे हैं। वेतन भुगतान की मांग करने पर केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है। चेतावनी दी कि एक जून तक वेतन का भुगतान नहीं होने पर पांच जून से सभी सेवा प्रदाता कर्मी कार्य बहिष्कार कर देंगे। ज्ञापन पर दिव्या परिहार, आराधना, द्रोपति, नेहा राठौर, मनीषा, सोनम राजा, प्रिया, साधना झा, इंद्रेश कुमार तिवारी, अनुराग, पुष्पाराजा आदि के हस्ताक्षर बने हैं।