स्वच्छता के बिना मन और बुद्धि स्वस्थ नहीं हो सकते
विधिक साक्षरता शिविर में पढ़ाया स्वच्छता का पाठ
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। स्वच्छता के महत्व को समझाने के लिए शनिवार को जय बुंदेलखंड कॉलेज ऑफ लॉ पनारी द्वारा कबूतरा बस्ती मऊमाफी में एक स्वच्छता और विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाते ह़ुए बताया कि स्वच्छता के बिना मन और बुद्धि स्वस्थ नहीं हो सकते। डॉ. हेमलता ने ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व को समझाते हुए स्वच्छता का महत्व बताते हुए कहा कि यदि बीमारियों से दूर रहना है और अपनी बुद्धि को सही तरह से विकसित करना है तो स्वच्छता को अपने जीवन में महत्व देना होगा। प्राचार्य डॉ. दिनेश बाबू गौतम ने ग्रामीणों को विधिक जानकारी दी और आगे भी महाविद्यालय परिवार की ओर से नि:शुल्क विधिक परामर्श दिए जाने का वचन दिया। प्रबंध समिति की ओर से हेमंत तिवारी ने ग्राम वासियों से सरकार द्वारा चलाई जा रही सुविधाओं का लाभ लेते हुए अधिक से अधिक शिक्षा प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने समस्त ग्रामीणों को प्रतिदिन पांच मिनट अपने आस-आस के वातावरण की सफाई करने का संकल्प दिलाया। महाविद्यालय के प्रवक्ता द्रोपती सिंह ने शायराना अंदाज में स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि जन जन की यही पुकार, रोज साफ करे हमें अपना घर द्वार। प्लास्टिक हटाओ, बीमारी भगाओ। पॉलीथिन से नाता तोड़ो, पर्यावरण से नाता जोड़ो। इस मौके पर मुख्य अतिथि मुन्नालाल नांगल, विशिष्ट अतिथि जितेंद्र बरया, अरविंद सिंह, प्रशासनिक अधिकारी रामनारायण मिश्र, ज्ञानलता, रुपेश साहू, प्रताप यादव, राजेंद्र यादव, आनंद तिवारी आदि उपस्थित रहे।