विकासकार्यों में अनियमितताएं बरतने के आरोप
ललितपुर। विकासखंड महरौनी अंतर्गत ग्राम समोगर निवासी ग्रामीणों ने विकास कार्यों में अनियमितताएं करने के आरोप को लेकर डीएम मानवेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की है। डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की योजना एक कमरे में बैठ कर तैयार की जाती है। योजनाओं के पैसे हड़प कर लिए जा रहे हैं। यही नहीं, ग्राम पंचायत में आवास योजनाओं में चयनित पात्रों के आवासों का निर्माण नहीं कराया गया है। इसमें अपात्रों से रुपये लेकर आवास दिए जा रहे हैं। जिन्हें आवास दिए गए हैं उनके पास ट्रैक्टर व पक्के मकान हैं। इसके अलावा गांव के विद्यालय व पंचायत भवन में खड़े पेड़ों का कटवा कर बेच दिया गया है। होम्योपैथी चिकित्सालय के किराए के पैसों की जानकारी नहीं है। नाली निर्माण व गहरीकरण का कार्य नहीं किया गया है। इसके एवज में रुपयों का भुगतान करा लिया गया है। सीसी रोड निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराए जाने व दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन पर जगदीश, अरविंद्र मिश्रा, सुकई, खुशीलाल, चंदा, त्रिलोक के हस्ताक्षर बने हैं।