निकायों की निर्वाचक नामावली का होगा पुनरीक्षण
ललितपुर।
नगरीय निकायों के चुनाव की तैयारी प्रशासन स्तर पर शुरू हो गई हैं। जिला मजिस्ट्रेट मानवेंद्र सिंह ने नगरीय निकायों की निर्वाचक नामावली का वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम तय कर दिया है। इसके तहत दस सितंबर तक बीएलओ, पर्यवेक्षक, सेक्टर आफिसर, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण की नियुक्ति, कार्यक्षेत्र आवंटन और प्रशिक्षण दिया जाएगा। 11 सितंबर से तीन अक्तूबर तक बीएलओ द्वारा घर-घर गणना, सर्वेक्षण किया जाएगा। 11 से 25 सितंबर तक आनलाइन आवेदन किए जाएंगे। 26 सितंबर से तीन अक्तूबर तक आनलाइन प्राप्त आवेदन पत्रों की घर-घर जाकर जांच की जाएगी। चार से आठ अक्तूबर तक ड्राफ्ट नामावलियों की कंप्यूटरीकृत पांडुलिपि तैयार की जाएगी। नौ अक्तूबर को ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। नौ सितंबर से 15 अक्तूबर तक दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 16 से 17 अक्तूबर तक दावे और आपत्तियों के निस्तारण उपरांत पूरक सूचियों की पांडुलियों की तैयारी की जाएगी। 18 अक्तूबर को निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन जन सामान्य के लिए किया जाएगा।