मड़ावरा (ललितपुर)। आबकारी और मड़ावरा पुलिस की संयुक्त छापामार कार्रवाई के दौरान कबूतरा डेरा से सैकड़ों लीटर अवैध शराब बरामद की गई। सोमवार को कबूतरा डेरा में बने एक निर्माणाधीन मकान में जमीन के नीचे गाढ़े गए एक ड्रम से एक सौ पचास लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। अवैध शराब के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएम अन्नावि दिनेशकुमार, पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, आबकारी उप आयुक्त झांसी प्रभारी एसके राय एवं जिला आबकारी अधिकारी सुभाष चंद्र के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक गौरव मिश्रा के नेतृत्व में कबूतरा डेरा मड़ावरा तिसगना में मंडी के सामने आबकारी व पुलिस की संयुक्त दबिश दी गई। इस दौरान दबिश में दो महिलाओं के कब्जे से लगभग 150 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। मड़ावरा पुलिस ने उक्त मामले में आरोपियों के खिलाफ विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दबिश टीम में थाना मड़ावरा से प्रभारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार, आबकारी सिपाही दरोगा यादव, सुरेंद्र सिंह, आशिक अली, यशवीर और महिला आबकारी सिपाही सहरीन बानो आदि शामिल रहे।