मार्च तक जिले को खुले में शौच मुक्त बनाना मुश्किल
संसाधनों की कमी आ रही आड़े
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। कलैक्ट्रेट सभागार में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत आयोजित बैठक में 31 मार्च तक खुले में शौच मुक्त के लक्ष्य को पूरा करने पर विचार विमर्श किया गया। इस दौरान बताया गया कि जिले में 102 ग्राम खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं। लेकिन संसाधनों की कमी के चलते 31 मार्च तक लक्ष्य हासिल करना मुश्किल दिखाई दे रहा है।जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि सभी अधिकारियों को ग्राम/ग्राम पंचायत गोद लेनी है। इसके पश्चात उस ग्राम को खुले में शौच बनाने की जिम्मेदारी उसकी होगी। ग्राम में शौचालय का निर्माण गुणवत्तापूर्ण होना अति आवश्यक है। कोई भी पात्र लाभार्थी शौचालय की उपलब्धता से वंचित न रह जाये, इसके लिये ग्राम का एक सर्वेक्षण किया जाए और उसके आधार पर ग्राम में शौचालय का निर्माण हो। जिला स्वच्छ भारत प्रेरक अभिषेक सुरेश ने बताया कि ग्राम में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिये मानकों का पालन कराया जा रहा है। बैठक में जिला विकास अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी अनिरुद्ध पांडे, जिला समन्वयक तबस्सुम, शैलवीना सिंह, एकांश श्रीवास्तव, बृजेश तिवारी उपस्थित रहे।