गर्भवती हैं तो स्वास्थ्य परीक्षण जरूर कराएं
सैदपुर( ललितपुर)। कस्बा सैदपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर हुए सास- बहू सम्मेलन में गभर्वती महिलाओं की उचित देखरेख करने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने पर जोर दिया गया। समाजसेवी प्रियंका सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुए सम्मेलन की अध्यक्षता एएनएम जयभारती ने की। गर्भवती बहुओं की उचित देखभाल कैसे की जाए, इसके बारे में जानकारियां दी गईं। बताया गया कि गर्भवती महिला को नियमित टीकाकरण कराना चाहिए, जिससे बच्चा पूर्ण स्वस्थ रहे। एएनएम ने सासू मां को गर्भावस्था के दौरान महिलाओं की उचित देखभाल, टीकाकरण, पौष्टिक आहार से संबंधित जानकारियां दी गईं। सुझाव दिया कि समय-समय पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर गर्भवती महिला का परीक्षण कराएं और सरकारी अस्पताल में प्रसव कराएं। सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, जिसमें परिवार नियोजन, संचारी रोग नियंत्रण, कुष्ठ रोग नियंत्रण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान भारत योजना, जननी सुरक्षा योजना, संस्थागत प्रसव, सुपोषण स्वास्थ मेला के साथ- साथ कुपोषित बच्चों की देखभाल कैसे ही जाए, इसकी जानकारी दी गई। इस मौके पर सुनीता, चंदा, शिवकुमारी, पार्वती ,रोशनी, हरकुंअर, क्रांति, फूलवती, संतोषी, रामवती समेत अन्य गर्भवती महिलाएं, आंगनबाड़ी, आशा बहुएं, एवं सासू मां उपस्थित रहीं।