जलकर के दिए जा रहे नोटिसों से भाजपा में खलबली
ललितपुर। नगरवासियों को जलकर के दिए जा रहे नोटिसों से भाजपा हरकत में आ गई है। मंगलवार को जिलाध्यक्ष की अगुवाई में एक प्रतिनिधि मंडल से जिलाधिकारी से मिला और जल कर के नोटिस को शून्य करने की मांग की है। जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी ने कहा कि शहर में लोगों को जलकर के नोटिस दिए जा रहे हैं। इससे लोगों में रोष व्याप्त है। जब गृहकर निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है तो जल संस्थान जल कर के नोटिस कैसे जारी कर सकता है? यह समझ के परे है। उन्होंने इस तरह के नोटिसों को शून्य करने की मांग की है, जिससे नगरवासियों को राहत मिल सके। प्रतिनिधि मंडल में सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौबे, बब्बूराजा बुंदेला, राजकुमार जैन, अजय जैन, किंजल्क हुंडैत, गोरव गौतम, ध्रुव राजा, अवतार सिंह लोधी और अनुज शर्मा शामिल रहे।