पटेलनगर व चौकाबाग में काटे 22 अवैध नल संयोजन
ललितपुर। जल संस्थान द्वारा शनिवार को शहर के मुहल्ला चौकाबाग व पटेलनगर में अवैध जल संयोजनों के नियमितीकरण संबंधी चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 33 अवैध जल संयोजन पाए गए। इसमें 11 जल संयोजनों का मौके पर ही नियमितीकरण किया गया, जबकि 22 जल संयोजनों को मौके पर ही विच्छेदित किया गया। अभियान के दौरान 51 हजार 330 रुपये की राजस्व वसूली की गई। बकाएदार उपभोक्ताओं से समय से बिल जमा करने की अपील की गई। साथ ही जिन उपभोक्ताओं के द्वारा अमृत योजना में जल संयोजन कराए गए, उनसे अपील की गई कि वह जल निगम से प्रमाण पत्र प्राप्त कर लें। ताकि अभियान के दौरान वह उक्त प्रमाण पत्र दिखा सकें। प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीें करने पर जल संयोजन अवैध माना जाएगा। इस मौके पर अधिशासी अभियंता सुरेश चंद, अवर अभियंता डीपी राय, गिरिजेश कुमार तिवारी, रामभुवन राम, जगदीश पाराशर, मंगल सिंह, राजेंद्र प्रसाद, जितेंद्र कुमार, सतीश कुमार, राजेश झा, नदीम खां, आमिर खां, महेश भार्गव, लक्ष्मन सिंह, दशरथ, सुनील कुमार उपस्थित रहे। अब मुहल्ला नेहरुनगर में नेहरु युवा केंद्र वाली गली में चार सितंबर को चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।