ललितपुर। शहर के लोअर जोन के छह मोहल्लों में लगभग दस वर्ष से पेयजल संकट बना हुआ है। इन मोहल्लों की लगभग 12 हजार की आबादी पयेजल संकट से जूझ रही है। हर चुनाव में जनप्रतिनिधि मोहल्ले वासियों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति के आश्वासन की घुट्टी ही पिला रहे हैं लेकिन एक दशक बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। यहां पर गर्मियों में हैंडपंपों का जलस्तर गिरने से हालात और भी खराब हो जाते हैं। ऐसे में टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया जाता है, इसके बाद भी जरूरत पर पानी नहीं मिल पा रहा है।
नगर में लोअर जोन के मोहल्ला विष्णुपुुरा, रैदासपुरा, खिरकापुरा, नारायणपुरा, श्रद्घानंदपुरा में जल संस्थान ने पानी की सुविधा को पाइपलाइन बिछाई थी। इसके बाद लोगों को कनेक्शन भी दिए गए थे। शुुरुआत में लोगों को नलों से पानी मुहैया होता रहा। इससे लोगों को सुविधा महसूस हुई। लेकिन कुछ ही महीने में आपूर्ति बाद में लड़खड़ा गई। जिसमें बाद पूरी तरह से ठप्प हो गई है। अब हालत यह है कि मोहल्ला चौबयाना, खिरकापुरा, रैदासपुरा आदि में आशिंक रूप से हो रही है। इसके अलावा मोहल्ला विष्णुपरा, श्रद्घानंदनपुरा, नारायणपुरा आदि में पूरी तरह से ठप्प पड़ी हुई है। इन मोहल्लों की लगभग 12 हजार की आबादी दस वर्ष से पानी की किल्लत से जूझ रही है। मोहल्लावासी प्रत्येक वर्ष आंदोलन व धरना प्रदर्शन कर मांग करते हैं। वहीं चुनाव में भी पर्याप्त पानी की सुविधा कराए जाने के वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव जीतने बाद जिम्मेदारों ने भी ध्यान नहीं दिया है। अब मोहल्लावासी पानी के लिए हैंडपंपों के सहारे बने हुए है। सर्दियों व बारिश में कुछ राहत हो जाती है। गर्मियों में भूजलस्तर कम होने से हालात और भी बदतर हो जाते हैं। इसके बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
मोहल्ला में दस वर्ष से नलों में पानी नहीं आया है। घरों में लगे नल पूरी तरह से शोपीस बने हुए हैं। - संतोष विष्णुपुरा
नलों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप्प बनी हुई है। हैंडपंप भी खराब होने से दिक्कत बनी हुई है। - दीपक, पठापुरा
दस वर्ष से अधिक समय से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। सौर ट्यूब बैल से भी सहारा नही रहा। - अनिल
वार्ड नंबर दो व कुछ अन्य क्षेत्रों में दस वर्ष से पानी की समस्या बनी है। अब टंकी का निर्माण स्वीकृत हो गया है। इसके बाद आपूर्ति सुचारु रूप से मिलेगी। - मुकेश रजक, सभासद
लोअर जोन के मोहल्लों में पानी की सुविधा को रामनगर में टंकी का निर्माण किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया चल रही है। जिसके बाद सुचारु रूप से पानी मुहैया कराया जाएगा। - निहालचंद्र, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद