ओले गिरने बर्बाद फसल का मुआवजा दिलाएं
ललितपुर। विकासखंड विरधा अंतर्गत ग्राम खिरिया छतारा के ग्रामीणों ने प्रधान के नेतृत्व में ओलावृष्टि से हुई फसल का मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर डीएम मानवेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि 12 फरवरी को तेज हवा के साथ ओले गिरने व बारिश से फसलें नष्ट हो गईं है, जिससे चना, मटर, मसूर की फसल नष्ट हो गईं हैं। इसको लेकर मुख्यमंत्री ने मुआवजा राशि देने का आश्वासन दिया था। लेकिन खिरिया छतारा का नाम नुकसान की लिस्ट में नहीं है। इसको लेकर किसानों में रोष है। उनका कहना है कि मुआवजा न मिलने की स्थिति में किसान क्रेडिट कार्ड की धनराशि भरने में असमर्थ रहेंगे। किसानों ने कहा कि वह मजबूरन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होेंगे। ज्ञापन पर राजेश कुमार, फूलचंद्र, बुद्दे, आश, दिनेश, लाखन, रामसहाय, लछू साहू, प्यारेलाल, भगवानदास, प्रभान सिंह, रमेश, राजू, घनश्याम, गजेंद्र राजा, संग्राम सिंह, रतन सिंह, कैलाश साहू आदि के हस्ताक्षर बने हैं। वहीं, तहसील अंतर्गत ग्राम सुरउवा निवासी ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर ओलावृष्टि से हुई फसल का मुआवजा दिलवाने की मांग की है। दिए गए ज्ञापन में बताया कि 12 फरवरी को वर्षा के साथ हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं है। मुआवजा न मिलने पर किसान भुखमरी की कगार पर आ जाएंगे। किसानों ने मुआवजा दिलाने की मांग की है। ज्ञापन पर मलखान, वृगभान, सूरज पाल, धनीराम, पहिलवान, दयाराम, ऊदल आदि के हस्ताक्षर बने हैं।