विद्यालय का परिवेश होगा स्वच्छ तो सुधरेगा शैक्षिक वातावरण
ललितपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद के निजी और सरकारी विद्यालयों का शैक्षिक वातावरण सुधारने के उद्देश्य से डीआईओएस द्वारा नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र कुमार दुबे ने विकासखंड जखौरा के इंटर कॉलेज सीरोनजी का, विकासखंड तालबेहट के राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय तरगुवां का, तालबेहट क्षेत्र के ही रानी लक्ष्मीबाई बालिका हाईस्कूल हंसारकला व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तालबेहट का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज माताटीला का भी निरीक्षण किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने उक्त समस्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को तत्काल प्रभाव से कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उन्होंने समस्त प्रधानाध्यापकों के निर्देशित किया है कि विद्यालय में बच्चों की सुविधा के लिए खेल के मैदान को उपयोग के लिए तैयार कराएं व नियमित खेल कराए। इसके अलावा विद्यालय में प्रार्थना के दौरान छात्र-छात्राओं से ड्रम, हारमोनियम आदि का प्रयोग करवाया जाए और नियमित पीटी कराई जाए। मार्चपास्ट, प्रतिज्ञा, सुविचार आदि को भी सम्मिलित किया जाए। साथ ही विद्यालय के प्रांगण में पेड़-पौधे रोपित करवाए जाएं।